उत्तराखंड (देहरादून) 4 अगस्त 2025: पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर के तत्वावधान में 11 से 17 अगस्त तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भक्तिभाव से मनाया जाएगा। पहले दिन शोभायात्रा, जबकि 16 अगस्त को रात 12 बजे तक जन्माष्टमी महोत्सव होगा।
रविवार को मंदिर में महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र चड्ढा ने बताया कि वृंदावन के आचार्य मधुर कृष्ण महाराज के सानिध्य में महोत्सव मनाया जाएगा। 11 अगस्त को शाम भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 12 से 15 अगस्त को प्रतिदिन शाम पांच बजे से भक्तमाल की कथा होगी। 16 अगस्त को रात आठ से 12 बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष महोत्सव होगा। 17 को नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसी के साथ 21 अगस्त को छठी उत्सव, जबकि 31 अगस्त को राधा अष्टमी का आयोजन होगा। बैठक में मंदिर के प्रधान अवतार मुनियाल, महामंत्री गोविंद मोहन, मनोज सूरी, चंद्र मोहन आनंद, तेजेंद्र हरजाई, ओमप्रकाश सूरी, यशपाल मग्गो आदि मौजूद रहे।
