उत्तराखंड (देवप्रयाग)29 जून 2025: केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें छात्रों और कर्मचारियों को देवप्रयाग थाना पुलिस ने सभी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए विभिन्न नशों के नुकसान बताए। सब इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी बुरी तरह नशे की चपेट में आ रही है। उचित परामर्श, मार्गदर्शन और युवाओं पर चौकन्नी दृष्टि रखकर इसे रोका जा सकता है। साहित्य विभाग अध्यापक डॉ शैलेन्द्र नारायण कोटियाल ने कहा कि हमारे धर्म शास्त्रों में भी नशे से दूर रहने की बातें है। प्रभारी निदेशक डॉ ब्रह्मानंद मिश्रा ने कहा कि नशा केवल इसके उपभोक्ता के जीवन को ही चौपट नहीं कर देता है, बल्कि उसके परिवार वालों के जीवन को भी दुष्प्रभावित कर देता है।
इस अवसर पर बच्चों, अध्यापकों तथा कर्मचारियों ने नशा न करने की शपथ ली। कार्यक्रम में पुलिस कांस्टेबल विक्रम सिंह के साथ ही डॉ अरविन्द सिंह गौर, डॉ पंकज कोटियाल, डॉ सुधांशु वर्मा, डॉ शैलेन्द्र उनियाल, डॉ धनेश, डॉ मनीष शर्मा, डॉ. सुशील प्रसाद बडोनी आदि उपस्थित थे। संचालन डॉ अनिल कुमार ने किया।
