उत्तराखंड (देहरादून) 24 जून 2025: खुद पर चढ़े कर्ज को उतारने के लिए सुनार की दुकान पर चोरी करने वाले दो चोरों को नेहरू कालोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से चोरी का शत प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार 16 जून को बिलेट अली निवासी मोथरोवाला ने शिकायत दी कि चोर ने उनकी मोथरोवाला स्थित सोना ज्वैलर्स की दुकान में आकर गहने खरीदने के बहाने 4 जोड़ी कानों के सोने के टॉप्स चोरी किए और फरार हो गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशो नितिन ढिंगियाल निवासी सरदार कालोनी निकट रतनपुर चौक शिमला बाईपास रोड पटेल नगर और निहाल राणा निवासी निकट गोर्खाली धर्मशाला चंद्रबनी थाना पटेल नगर को चोरी की गई ज्वैलरी के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितो ने बताया कि वे दोनों दोस्त हैं और नितिन ने पूर्व में एक शख्स से लगभग 60 हजार रुपए का कर्ज लिया था। वह शख्स उस पर कर्ज वापस करने का लगातार दबाव बना रहा था। निहाल भी बेरोजगार था, जिस पर दोनों ने सुनार की दुकान में चोरी करने की योजना बनाई। दोनों घटना में चोरी की गई ज्वेलरी को बेचने की फिराक में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
