उत्तराखंड (रुद्रप्रयाग) 17 जून 2025: एसडीआरएफ व थाना अगस्त्यमुनि पुलिस ने मंदाकिनी नदी में फंसे युवकों का सकुशल रेस्क्यू किया। थाना अगस्त्यमुनि को सूचना मिली कि सौड़ी के पास कुछ लोग मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने नदी में फंस गए है, जिस पर थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत के नेतृत्व में पुलिस व एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और नदी में फंसी काजल शर्मा निवासी फतेहपुर फरीदाबाद हरियाणा और आकाश कुमार निवासी आगर नगर प्रेमनगर, किराड़ी, सुलेमान नगर, दिल्ली का सकुशल रेस्क्यू किया।
पूछताछ में पता चला कि चार लोगों का ग्रुप यात्रा पर आया है और यह दोनों पानी लेने नदी में गए थे। उस समय पानी इस क्षेत्र में ना के बराबर था। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वह नदी के बीच में फंस गए। उन्होंने नदी के बीच में पत्थरों में खड़े होकर खुद को सुरक्षित किया। इनके साथियों ने सुरक्षित किनारे लाने की कोशिश ‘की, लेकिन नदी के बहाव व फिसलन के कारण वह सफल नहीं हो पाए।
मानसून सीजन को लेकर पुलिस स्तर से तैयारियां तेज हो गई है। खासकर केदारनाथ हाईवे के लैंड स्लाइड जोन के साथ पैदल मार्ग पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जिससे केदारनाथ धाम आ रहे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि मानूसन के दृष्टिगत पुलिस स्तर से तैयारियां पूरी हो चुकी है। केदारनाथ यात्रा बहुत अच्छे ढंग से चल रही है।
पुलिस स्तर से उन्हें समझाया गया कि बरसात के समय में पहाड़ी नदी नाले वाले क्षेत्र काफी खतरनाक साबित हो सकते है। ऊपरी क्षेत्रों में बारिश होने के कारण निचले क्षेत्रों में अचानक से नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो जाती है। इससे अतिरिक्त सतर्कत्ता बरती जानी आवश्यक है। रेस्क्यू किए गए। युवाओं समेत चारों लोगों का उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही कर उनके गन्तव्य को भेजा गया।
