उत्तराखंड (देहरादून) 29 मई 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा नागरिक अलंकरण समारोह में उत्तराखंड की राधा भट्ट को सामाजिक कार्य, ह्यूग गैंट्जर और कोलीन गैंट्जर (मरणोपरांत) को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राज्य का भी सम्मान बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सुदूर इलाके में जन्मी पद्म श्री से सम्मानित होने वाली राधा भट्ट का पर्यावरण एवं समाज सेवा के साथ महिला शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा योगदान रहा है। वह हिमालय सेवा संघ नई दिल्ली की अध्यक्ष होने के नाते कई गांधीवादी संस्थाओं से जुड़ी रही हैं और उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से पूर्व में भी सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री ने पद्म से सम्मानित ह्यूग गैंट्जर को उत्तराखंड का प्रसिद्ध यात्रा वृतांत लेखक बताते हुए कहा कि उनके यात्रा वृतान्तों से भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी संख्या में लेख लिखने के लिए लोग प्रेरित हुए, जबकि कोलीन गैंट्जर ने 3,000 से अधिक लेख, कलम और पत्रिका फीचर्स लिखे हैं और 30 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं।
