उत्तराखंड (देहरादून) 14 मई 2025: सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकारी सेविका कर्मचारी यूनियन द्वारा मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर सीटू कार्यालय से जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और 20 मई को देशव्यापी हड़ताल में भागीदारी करने एवं गांधी पार्क से सचिवालय कूच करने का एलान किया।
मंगलवार को सीटू कार्यालय राजपुर रोड पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सेविकाएं एकत्रित हुई और सभा की। सीटू के जिला महामंत्री लेखराज ने कहा, आंगनबाड़ी की समस्याओं को लेकर पिछले वर्ष प्रतिनिधिमंडल को सीएम धामी ने आश्वस्त किया था कि वे उनकी मांगों पर प्रभावी कार्यवाही करेंगे, किंतु एक वर्ष से भी अधिक हो गया है कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
यूनियन की महामंत्री सुनीता रावत ने कहा, आंगनबाडी को तीन-तीन माह से मानदेय जारी नहीं किया गया है, जिसे अविलंब जारी किया जाए। प्रांतीय महामंत्री चित्रा ने कहा, मोदी सरकार व उत्तराखंड की धामी सरकार द्वारा आंगनबाड़ी के बजट में कटौती की, जिससे आंगनबाड़ियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
सीटू के जिलाध्यक्ष कृष्ण गुनियाल ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा श्रमिक विरोधी चार श्रम संहिताओं को लागू करने की कोशिश कर रही है, जिसका विरोध किया जाएगा।
