वाइन शॉप का शटर तोड़कर चोरी करने वाला गिरफ्तार
उत्तराखंड (देहरादून) 17 अप्रैल 2025: एक दिन पहले ही जमानत पर बाहर आकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले को नेहरू कालोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी व अन्य सामान चोरी किया था। पूर्व में भी वह चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को नागेंद्र दत्त निवासी मोथरोवाला ने शिकायत दी कि उनकी दुकान से कुछ नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना के खुलासे और चोर की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए। सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिये का पूर्व में जेल गए आरोपितो के डाटा से मिलान करने पर पूर्व में चोरी की घटना में जेल गए व घटना से एक दिन पूर्व ही जमानत पर जेल से बाहर आए आरोपित सरवन साहनी के घटना में शामिल होने की जानकारी हुई।
जिस पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस टीम ने बुधवार को सरवन साहनी ब्रहमपुरी पटेलनगर को बाइपास फ्लाईओवर के नीचे रेलवे पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से घटना में चोरी की गई नगदी बरामद हुई। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है और पूर्व में भी चोरी व आर्मस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। घटना से एक दिन पूर्व ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए अगले दिन रात के समय चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
