उत्तराखंड (देहरादून) 13 अप्रैल 2025: दून में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद परिजनों ने आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी ने सड़क पर पैदल चल रही महिला को दोपहिया वाहन से टक्कर मार दी थी। इस मामले पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है।
पुलिस की ओर से स्कूटी के नंबर के जरिये आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। लोअर नत्थनपुर के अंतर्गत आशीर्वाद एन्क्लेव फेज वन निवासी रामसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 अप्रैल की रात करीब नौ बजे वह अपनी पत्नी कमला देवी के साथ भागीरथी कॉलोनी से आशीर्वाद एन्क्लेव की तरफ अपने निवास स्थान के लिए जा रहे थे और दोनों ही पैदल सड़क किनारे चल रहे थे। इस बीच पीछे से तेज गति में आ रहे स्कूटी सवार ने उनकी पत्नी कमला को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे उनकी पत्नी मौके पर सड़क पर गिर गई। इस वजह से गंभीर चोटें आ गई।
वहीं अफरा तफरी के बीच मौके का फायदा उठाकर स्कूटी चालक यहां से भाग निकला। घटना के चलते मौके पर आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों ने स्कूटी चालक का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ पाया। ऐसे में उन्होंने अपने बेटे को फोन कर बुलाया। फिर वे अपनी घायल पत्नी को कोरोनेशन अस्पताल लेकर गए और जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने स्कूटी के नंबर की जानकारी भी पुलिस से शेयर की है। आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। है। पुलिस अब स्कूटी के नंबर के तहत आरोपी की तलाश कर रही है।
