उत्तराखंड (देहरादून) 13 अप्रैल 2025: प्रदेश कांग्रेस महामंत्री नवीन जोशी ने उत्तराखंड में बिजली दरों में 5.62 प्रतिशत की वृद्धि को पूरी तरह जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आम जनता की जेब पर हमला कर रही है। जोशी ने कहा कि एक ओर जहां उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने बिजली की दरें बढ़ाकर घरेलू उपभोक्ताओं का मासिक बिल 25 से 160 रुपये तक बढ़ा दिया है।
वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि कर गृहणियों की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी लगातार ऊंचाई पर बनी हुई हैं, जिससे परिवहन महंगा हुआ है और महंगाई और तेजी से बढ़ रहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की परेशानियों से पूरी तरह बेखबर है। जब लोगों की आमदनी घट रही है, रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, तब सरकार एक के बाद एक महंगे फैसले लेकर जनता को और संकट में धकेल रही है। प्रदेश कांग्रेस सरकार से मांग करती है कि बिजली, रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लिया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
