उत्तराखंड (देहरादून) 8 अप्रैल 2025: तापमान में हुई बढ़ोतरी,जल में लगातार बढ़ रही गंदगी को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनोज कुमार शर्मा की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सावधान रहने को कहा गया है।
उन्होंने कहा है कि आमजन को खानपान व रहन सहन में अत्यधिक सतर्क रहना होगा। इस समय लोगों को बाहर के भोजन से परहेज रखना चाहिए। बासी खाना बिल्कुल भी ग्रहण नहीं करना चाहिए। खुले गन्ने के रस समेत अन्य जूस व खुले खाने पीने के खाद्य पदार्थ से दूरी बनाकर रखना ही ठीक होगा। सीएमओ की तरफ से लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। उनका कहना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में तापमान काफी बढ़ गया है। जहां तक मुमकिन हो मांसाहार समेत भारी व गरिष्ठ भोजन से परहेज रखें। भोजन बनाने में सावधानी व सफाई बरतें। शौचालय को साफ रखना आवश्यक है।
क्या करें : दिन में खूब पानी पिएं। बाहर निकलने पर सनस्क्रीन लगाएं व टोपी पहने। सबसे अधिक गर्मी के समय घर पर ही रहें। पौष्टिक व हल्का भोजन करें। बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
