उत्तराखंड (देहरादून) 18 अक्टूबर 2024 : सरस मेला आज 18 अक्टूबर यानि शुक्रवार से शुरू होगा। रेंजर्स मैदान में मेले की तैयारी जोर शोर से चल रही है। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने आज रेंजर्स ग्राउंड में से शुरू होने जा रहे दस दिवसीय सरस मेले की तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागों के उचाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय पर पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। आयोजन 18 से शुरू होकर 27 अक्तूबर तक चलेगा।
उन्होंने मेला के हर दिन होंगे सांस्कृतिक आयोजन के दौरान पेयजल, शौचालय,पार्किंग, अग्निशमन,विद्युत, स्वच्छता सहित अन्य समुचित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मेले में प्रवेश एवं निकासी सहित सरस मेले की सूरक्षा के निर्देश दिए।कहा कि दस दिवसीय सरस मेले में लोक सांस्कृतिक एवं विविध संस्कृति का आकर्षण रहेगा। साथ ही उत्तराखंडी खानपान व व्यंजन के स्टाल, उत्तराखंडी परिधान, विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल आदि के साथ ही प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। उत्तराखंड के कुल 136 और अन्य राज्यों के 50 स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 18 अक्तूबर को पाइरेट्स ऑफ वाराणसी और टीम टोरनेडो द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। 19 को पद्रश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, 20 को कुंदन चौहान द्वारा जौनसारी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति, 21 को किशन महिपाल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जाएगा। 22 को कुलानंद घनसाला और टीम द्वारा रामलीला मंचन, 23 को दर्शन कैलाश द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। 24 को लाइव परफॉर्मेस इंडियन ओसन का कार्यक्रम, 25 को लोक गायक अमित सागर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, 26 अक्तूबर को लोक गायक गजेंद्र राणा एवं पूनम सती जी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
मेले के लिए हर दिन गोष्ठी एवं कार्यशाला प्रभारी अधिकारी नामित किये गए हैं। मौके पर अपर नगर आयुक्त गोपाल रामबिनवाल, पीडी ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिलाविकास अधिकारी सूनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वंदना सेमवाल, जिलाकार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
