उत्तराखंड (ऋषिकेश) 18 अक्टूबर 2024 : ऋषिकेश श्यामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत योगनगरी रेलवे ट्रैक पर एक प्रॉपर्टी डीलर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। प्रथम दृष्टया प्रॉपर्टी डीलर की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। प्रॉपर्टी डीलर ने आत्महत्या की या हादसा हुआ पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सूचना स्थानीय लोगों ने कंट्रोल रूम को दी थी। श्यामपुर चौकी से पुलिस पहुंची तो एक बुजुर्ग को रेलवे ट्रैक पर लहूलुहान पाया। उसकी शिनाख्त जेडी शर्मा, श्यामपुर के रूप में हुई। मौके पर चचेरे भाई ने बताया कि जेडी शर्मा प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। उनके तीन बेटे हैं जो शहर से बाहर रहते हैं। श्यामपुर में उनकी पत्नी हैं। एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सिर पर चोट से अंदाजा लगाया जा रहा है कि ट्रेन की चपेट में आने से प्रॉपर्टी डीलर की मौत हुई है। पुलिस छानबीन कर रही है।
