उत्तराखंड (देहरादून) 13 अक्टूबर 2024: उत्तराखंड बेरोजगार संघ के उपाध्यक्ष राम कंडवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को बेरोजगारों की फाइल देकर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए।
उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती में उम्र सीमा बढ़ाने पर पुष्कर सिंह धामी सरकार का रुख सकारात्मक है। शनिवार को उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। संघ का दावा है कि इस दौरान मुख्यमंत्री ने आयु सीमा बढ़ाने का आश्वासन दिया।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के उपाध्यक्ष राम कंडवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को बेरोजगारों की फाइल देकर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। कंडवाल के अनुसार, 2014 के बाद 2022 में पूरे आठ साल बाद पुलिस कांस्टेबल की भर्ती निकली लेकिन तब एक लाख के करीब युवा फॉर्म नहीं भर सके थे। क्योंकि, आयू सीमा सिर्फ 18 से 22 वर्ष रखी गई थी। अब आयोग को पुलिस कांस्टेबल के 2000 पदों के लिए अधियाचन भैजा गया है। लेकिन हम इस बार आयु सीमा 18 से 28 साल तक रखने की मांग उठा रहे हैं । ताकि ज्यादा से ज्यादा बेरोजगार आवेदन कर सकें।
उन्होंने धामी से फॉरेस्ट गाड भर्ती में भी आयु सीमा बढ़ाने के साथ ऊर्जा निगम में टीजी 2 और जेई की भर्ती और असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में एपीआई सिस्टम हटाने की भी मांग रखी। इस दौरान सचिन पुरोहित, विनोद पुरोहित मौजूद रहे।
