उत्तराखंड (देहरादून) 18 सितंबर 2024: रकम लेने के बाद भी ठेकेदार ने न तो भवन का निर्माण किया और न ही रकम लौटाई। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस आरोपित को नामजद कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्राम डाड़ो ज्योतिमठ बदरीनाथ हाल निवासी पाम सिटी के रहने वाले आचार्य नरेश नौटियाल ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उनका एक प्लाट लालपुल पटेलनगर देहराखास में है। उस प्लाट पर वे भवन निर्माण करवा रहे हैं ।जिसका अनुबन्ध उन्होंने तीन सितम्बर को कुलदीप त्रिपाठी निवासी ग्राम भीटि तिवारी पाली बास गांव गोरखपुर यूपी हाल निवासी लक्खीबाग के साथ किया था। उन्होंने कुलदीप को दो लाख 60 हजार रुपये अदाकर दिए। परन्तु आरोपित काम पर नहीं आया। उन्होंने कुलदीप से संपर्क करना चाहा परन्तु उसके दोनों फोन बंद हैं। शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
