शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपित की गिरफ्तारी की मांग, पीड़ित शिक्षकों के अन्यत्र समायोजन का आग्रह
उत्तराखंड (देहरादून) 27 अक्टूबर 2026: डोईवाला विकासखंड के अंतर्गत राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेलीवाला के शिक्षकों के साथ 14 अक्टूबर 2026 को कथित मारपीट, राजकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने, सरकारी अभिलेखों को फाड़ने तथा जान से मारने की धमकी देने के प्रकरण में 13 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपित की गिरफ्तारी एवं प्रभावी कार्रवाई न होने पर उत्तराखंड राज्य प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन ने गहरा रोष व्यक्त किया है।
इसी प्रकरण को लेकर आज उत्तराखंड राज्य प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन, जनपद देहरादून के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून श्री गोविन्द राम जायसवाल तथा जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) देहरादून श्री प्रेमलाल भारती से मुलाकात कर शिक्षकों की सुरक्षा एवं प्रकरण के समाधान के संबंध में वार्ता की।
जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह रावत ने अधिकारियों के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षकों के साथ इस प्रकार की घटनाएं होना अत्यंत गंभीर विषय है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इससे पूर्व भी 29 जनवरी को इसी विद्यालय के एक शिक्षक एवं एक महिला शिक्षिका के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसके संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद संगठन का आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण संबंधित व्यक्ति के हौसले बढ़े हैं। 14 अक्टूबर 2026 की घटना के बाद भी प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने तथा शिक्षकों को दोबारा धमकियां मिलने की बात सामने आने से विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों एवं उनके परिजनों में भय का वातावरण बना हुआ है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक विद्यालय में बच्चों को शिक्षा देने और उनके भविष्य के निर्माण के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में यदि उन्हें अपने ही कार्यस्थल पर मारपीट, धमकी और असुरक्षा का सामना करना पड़े, तो यह अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभाग एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने दोनों शिक्षा अधिकारियों से आग्रह किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेलीवाला में कार्यरत संबंधित शिक्षकों का अन्यत्र समायोजन करने पर प्राथमिकता से विचार किया जाए, ताकि शिक्षकों एवं उनके परिवारों में व्याप्त भय को कम किया जा सके और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही, उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से प्रकरण में नियमानुसार शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिक्षकों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
संगठन ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की सुरक्षा, सम्मान एवं निर्भय वातावरण में शिक्षण कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी शिक्षक के साथ हिंसा अथवा धमकी की घटना को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। संगठन अपने शिक्षक साथियों की सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक स्तर पर आवाज उठाता रहेगा।
इस अवसर पर डोईवाला विकासखंड के मंत्री सिद्धार्थ शर्मा, शिक्षक अनुराग कुमार चौहान, प्रदीप कुमार, कमल कुमार काम्बोज, मनीष काम्बोज, प्रदीप सिंह, सचिन त्यागी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
